image
downloadDownload
shareShare
ShareWhatsApp

ज्येष्ठ अमावस्या 2025

क्या आप जानते हैं ज्येष्ठ अमावस्या पर किए गए ये उपाय क्यों माने जाते हैं सबसे प्रभावी? जानें पूजा तिथि, विधि और रहस्य।

ज्येष्ठ अमावस्या के बारे में

ज्येष्ठ अमावस्या हिंदू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ मास की अंतिम तिथि होती है। इस दिन पितरों के लिए तर्पण, दान और स्नान का विशेष महत्व होता है। यह पवित्र दिन आध्यात्मिक शुद्धि और पुण्य अर्जन का प्रतीक माना जाता है। आइये जानते हैं इसके बारे में...

ज्येष्ठ अमावस्या 2025

सनातन धर्म में स्नान-दान व पितरों के निमित्त तर्पण करने के लिए अमावस्या तिथि को श्रेष्ठ माना गया है। इनमें से ज्येष्ठ मास में पड़ने वाली अमावस्या तिथि का महत्व और भी बढ़ जाता है, क्योंकि इस तिथि पर शनि जयंती भी मनाई जाती है।

ज्येष्ठ अमावस्या कब है?

  • साल 2025 में ज्येष्ठ अमावस्या 27 मई, मंगलवार को मनाई जाएगी।
  • ज्येष्ठ अमावस्या 26 मई, सोमवार को दोपहर 12 बजकर 11 मिनट पर प्रारंभ होगी।
  • ज्येष्ठ अमावस्या का समापन 27 मई, मंगलवार को सुबह 08 बजकर 22 मिनट पर होगा

ज्येष्ठ अमावस्या और शनि जयंती का महत्व

पुराणों में वर्णन मिलता है कि ज्येष्ठ अमावस्या के दिन ही शनि देव का जन्म हुआ था, इसलिए ज्येष्ठ अमावस्या धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। शनि देव सूर्य पुत्र माने जाते हैं, और वो नवग्रहों में से एक हैं। शनि के प्रकोप से बचने व उनकी कृपा पाने के लिए जातक इस दिन विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। शनि देव को दण्डाधिकारी और न्याय का देवता माना जाता है। उन्हें कलयुग का न्यायाधीश भी कहा जाता है। शनि देव संसार के समस्त जीवों को उनके कर्मों के आधार पर फल प्रदान करते हैं। उनकी चलने की गति मंद होने के कारण उन्हें शनैश्चर भी कहा जाता है।

ज्येष्ठ अमावस्या पर धार्मिक अनुष्ठान

ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर स्नान-दान व पिंडदान के साथ-साथ शनि देव की उपासना की जाती है और वट सावित्री व्रत भी किया जाता है। इस दिन होने वाले धार्मिक अनुष्ठान इस प्रकार हैं-

  • इस दिन जातक पवित्र नदी में स्नान करते हैं एवं भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर बहते जल में तिल प्रवाहित करते हैं।
  • पितरों की आत्मा की शांति के लिए इस दिन उनके निमित्त तर्पण किया जाता है, व निर्धन व्यक्ति को दान दक्षिणा दी जाती है।
  • ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर शनि को सरसो का तेल, काला तिल, काला वस्त्र व नीले पुष्प चढ़ाएं जाते हैं। इसके अलावा इस दिन शनि चालीसा का पाठ भी किया जाता है।
  • वट सावित्री का उपवास रखने वाली स्त्रियां इस दिन यम देवता की पूजा करती हैं, और पति की लंबी आयु के लिए यथाशक्ति दान-दक्षिणा देती हैं।

शनि जन्म से जुड़ी कथा

शनि देव के जन्म से जुड़ी एक पौराणिक कथा के अनुसार शनि देव, भगवान सूर्य व उनकी पत्नी छाया के पुत्र हैं। सूर्य का विवाह संज्ञा से हुआ था, जिनसे मनु, यम एवं यमुना नामक तीन संतानें हुईं। विवाह के पश्चात् कुछ समय तक संज्ञा भगवान सूर्य के साथ रहीं, परंतु अधिक समय तक सूर्य का तेज सहन न कर पाने के कारण उन्होंने अपनी छाया को उनकी सेवा के लिए समर्पित कर दिया। इसके कुछ समय पश्चात् छाया के गर्भ से शनि देव का प्रादुर्भाव हुआ। हालांकि जब सूर्य देव को ज्ञात हुआ कि छाया वास्तव में संज्ञा नहीं हैं, तो वे अत्यंत क्रोधित हो गए और उन्होंने शनि को अपने पुत्र के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसी कारण शनि व सूर्य पिता-पुत्र होने पर भी एक-दूसरे के प्रति बैर की भावना रखने लगे।

वट सावित्री व्रत

ज्येष्ठ अमावस्या पर शनि जयंती के अलावा उत्तर भारत में स्त्रियां अपने पति के दीर्घायु होने के लिये इस दिन वट सावित्री व्रत का पालन करती हैं। विशेष रूप से सौभाग्यवती स्त्रियां इस पर्व को मनाती हैं, हालांकि ये व्रत कुमारी व विधवा स्त्रियां भी कर सकती हैं। इस दिन स्त्रियां वट अर्थात् बरगद के वृक्ष की पूजा की जाती है। साथ वट सावित्री व्रत के समय यमराज व सत्यवान- सावित्री की भी पूजा करने का विधान है। मान्यता है कि ऐसा करने वाली स्त्रियां सदा सौभाग्यवती रहती हैं।

तो भक्तों ये तो थी ज्येष्ठ अमावस्या से जुड़ी संपूर्ण जानकारी। हमारी कामना है कि इस अवसर पर आपकी आराधना सफल हो और आप पर शनिदेव की कृपा सदैव बनी रहे। ऐसे ही व्रत, त्यौहार व अन्य धार्मिक जानकारियों के लिए जुड़े रहिए श्री मंदिर पर।

divider
Published by Sri Mandir·May 5, 2025

Did you like this article?

srimandir-logo

श्री मंदिर ने श्रध्दालुओ, पंडितों, और मंदिरों को जोड़कर भारत में धार्मिक सेवाओं को लोगों तक पहुँचाया है। 50 से अधिक प्रसिद्ध मंदिरों के साथ साझेदारी करके, हम विशेषज्ञ पंडितों द्वारा की गई विशेष पूजा और चढ़ावा सेवाएँ प्रदान करते हैं और पूर्ण की गई पूजा विधि का वीडियो शेयर करते हैं।

हमारा पता

फर्स्टप्रिंसिपल ऐप्सफॉरभारत प्रा. लि. 435, 1st फ्लोर 17वीं क्रॉस, 19वीं मेन रोड, एक्सिस बैंक के ऊपर, सेक्टर 4, एचएसआर लेआउट, बेंगलुरु, कर्नाटका 560102
YoutubeInstagramLinkedinWhatsappTwitterFacebook